हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। चंडी देवी मंदिर रोपवे मार्ग के पास झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 25 दिनों तक चली मैराथन जांच, 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और लाखों मोबाइल नंबरों की तकनीकी पड़ताल के बाद पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि 10 मई 2026 को चंडी देवी मंदिर के बंद पड़े पैदल मार्ग के समीप झाड़ियों में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव के पास से दो कुंडल, टूटा हुआ मंगलसूत्र, सफेद गमछा तथा महिला के गले में कसकर बंधा ब्लाउज मिला था। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी क्राइम निशा यादव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतका के हाथ पर गुदा हुआ “कौशल्या” नाम पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। पुलिस ने वर्ष 2019 से अब तक की गुमशुदगी रिपोर्ट, निर्वाचन अभिलेख, सोशल मीडिया और तकनीकी डाटा का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान करीब 1.64 लाख मोबाइल नंबरों और 600 घंटे की सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई। 8 मई की फुटेज में तीन संदिग्ध पुरुषों के साथ एक महिला चंडी देवी मंदिर की ओर जाते हुए दिखाई दी, जबकि लौटते समय महिला उनके साथ नहीं दिखी।

तकनीकी साक्ष्यों और रूट विश्लेषण के आधार पर पुलिस की जांच उत्तर प्रदेश के बांदा जिले तक पहुंची। वहां से राकेश, रामप्रकाश उर्फ गोविंदा और छेदीलाल के नाम सामने आए। पूछताछ में पता चला कि मृतका कौशल्या पत्नी पप्पू निवासी बांदा थी और उसका रामप्रकाश से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार रामप्रकाश पहले से विवाहित था। कौशल्या लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने कौशल्या को चंडी देवी दर्शन के बहाने हरिद्वार बुलाया और सुनसान स्थान पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) एवं 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले के सफल खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये तथा एसएसपी हरिद्वार ने 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।






