काशीपुर(ब्यूरों)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के अंतर्गत ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में ‘विभाग जनता के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एससीडीआई काशीपुर बी.के. चौधरी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बी.के. चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गन्ना किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए प्रेरित करना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें गांव स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं एवं जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों से शरदकालीन गन्ना बुवाई के साथ सहफसली खेती अपनाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।
एससीडीआई वीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि किसानों को अनुदान पर कीटनाशक रसायन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम में गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने किसानों को नवीनतम गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी, जबकि गन्ना विकास निरीक्षक सुरेश सिंह ने आधुनिक खेती प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। गन्ना पर्यवेक्षक सोमपाल सिंह ने किसानों के साथ गन्ना बीज की मांग एवं उपलब्धता पर चर्चा की।
कार्यक्रम में प्रधान जयपाल सिंह, राजपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, पंकज कुमार, संतोष राणा, मोहन सिंह, विजय कुमार, प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

