हरिद्वार(नीति शर्मा)।कांवड़ मेला-2026 में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। धर्मनगरी हरिद्वार में हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाट ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गुंजायमान हैं। गंगा तटों पर लाखों श्रद्धालु पवित्र गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं, जबकि उससे भी अधिक संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कांवड़ मेले के पांचवें दिन रविवार को 32 लाख 25 हजार शिवभक्तों ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान किया। वहीं कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने शिवालयों की ओर रवाना हो चुके हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवड़ मार्गों, प्रमुख स्नान घाटों तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने में जुटे हैं।
जिला प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों का पालन करने, प्रशासन एवं पुलिस के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग देने की अपील की है।

