हरिद्वार(नीति शर्मा)। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान सर्वसिद्धि कला केंद्र रजिस्टर्ड समिति द्वारा शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया गया। समिति की संस्थापिका अध्यक्षा शिवांगी त्रिपाठी शर्मा के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने कांवड़ यात्रियों को केले एवं शीतल पेय वितरित कर उनकी सेवा की।
इस अवसर पर शिवांगी त्रिपाठी शर्मा ने कहा कि सावन में भगवान शिव को जल अर्पित करना पुण्य का कार्य है, लेकिन उनके भक्तों की सेवा करना उससे भी बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि सेवा का कोई आकार नहीं होता और श्रद्धा से किया गया छोटा-सा योगदान भी समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि लंबी यात्रा के दौरान थके हुए कांवड़ियों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ा संतोष और महादेव का आशीर्वाद है। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को फल एवं शीतल पेय वितरित कर उनकी यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में समिति की उपाध्यक्ष नीति शर्मा, ज्योति, सोनम, सिद्धि शर्मा, आसु, अग्र तथा अग्रिमा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सभी ने शिवभक्तों की सेवा को अपनी सौभाग्यपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
समिति की ओर से भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा तथा उनके जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

