काशीपुर(अनिल शीर्षवाल)। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उत्तराखंड मुख्यालय के सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी ने गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वेक्षण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि उनके द्वारा तथा सचिव प्रभारी गन्ना समिति काशीपुर ने भी सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान गन्ना पर्यवेक्षकों का कार्य संतोषजनक पाया गया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कराना विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर विभागीय योजनाओं का फीडबैक भी लिया। किसानों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्र के गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर अपने सर्वेक्षण की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
सचिव प्रभारी ने बताया कि किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र उनके खातों में भेजा जा रहा है तथा चीनी मिलों द्वारा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान आशीष नेगी, बीरेंद्र कुमार चौधरी, सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार शर्मा, मोहित कुमार सिंह एवं प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




