काशीपुर(ब्यूरों)। उत्तराखंड राज्य के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने काशीपुर परिक्षेत्र के ग्राम घटिया नं. 1, जैतपुर एवं ढकिया नं. 2 में गन्ना प्रदर्शन, गन्ना सर्वेक्षण कार्यों तथा प्रदर्शन प्लाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर विभागीय योजनाओं और गन्ना खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कृषक समरपाल सिंह एवं कुलदीप सिंह चीमा से समीक्षा की गई। कुलदीप सिंह चीमा ने बताया कि गन्ना विकास विभाग के सहयोग एवं प्रयासों से उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष पांच एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र में गन्ने की बुवाई की है।
किसानों ने गन्ना आयुक्त को बताया कि यदि गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर किया जाए तो वे आगामी वर्ष में गन्ने के रकबे में और अधिक वृद्धि कर सकते हैं। किसानों ने कहा कि समय पर भुगतान मिलने से खेती में निवेश बढ़ाने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने किसानों को अधिक उत्पादन करने तथा उचित मूल्य पर चीनी मिलों को गुणवत्तापूर्ण गन्ना आपूर्ति करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार, सचिव प्रभारी सुरेंद्र सिंह, गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य, कुलदीप सिंह चीमा सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।




